सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शंकर कॉलोनी में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष प्रकाश सोनी की थार रॉक्स कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश सोनी की थार रॉक्स कार मामा टावर के पास खड़ी हुई थी। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मारकर कार के पिछले शीशे को पूरी तरह चकनाचूर कर दिया। इतना ही नहीं, कार के अगले शीशे और अंदर लगे म्यूजिक सिस्टम को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
सुबह घटना की जानकारी मिलने पर प्रकाश सोनी ने तुरंत कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना सिर्फ शरारत थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश है।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर शहर के बीचों-बीच खड़ी गाड़ियों में इस तरह की तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए? क्या पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंच पाएगी?