बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की थाना बदरवास पुलिस ने सड़क हादसे के बाद फरियादी से 50 हजार रुपए की मांग कर मारपीट और धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मामले में एक विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा है।
जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को फरियादी प्रमोद शर्मा पुत्र पुरुषोत्तम शर्मा, उम्र 41 वर्ष, निवासी सुरजनपुर थाना माता बसई, जिला मुरैना घायल अवस्था में बदरवास पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी कृष्णा शर्मा, बच्चों अनन्या, आकांक्षा, अधर्व तथा भतीजे प्रशांत शर्मा के साथ कार क्रमांक MP09 DT 1509 से इंदौर जा रहे थे।
फरियादी के अनुसार जब उनकी कार आदित्य होटल बदरवास के सामने पहुंची, तभी सामने से एक बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो गलत दिशा से तेज रफ्तार में आई और उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और नुकसान के नाम पर 50 हजार रुपए की मांग करने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बदरवास में अपराध क्रमांक 187/26 दर्ज कर धारा 281, 125ए, 115(2), 296, 351(3), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए गए।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में इंचार्ज थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिखा तिवारी ने पुलिस टीम गठित की। कार्रवाई करते हुए 20 मई 2026 को आरोपी अरुण पुत्र राजपाल सिंह परिहार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उनि शिखा तिवारी, सउनि गोपाल बाबू, सउनि राकेश शिवहरे, सउनि रघुवीर सिंह मखेनिया, आरक्षक अनित बुनकर, संदीप राठौर, सदन भिलाला, रिंकू माहौर, अनिल सिकवार और दीनू रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
🚔 पुलिस का कहना है कि सड़क हादसों की आड़ में दबाव बनाने, धमकी देने और अवैध वसूली की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।