कोर्ट रोड स्थित मंडी पर प्रशासन सख्त: सड़क घेरने वालों, गंदगी फैलाने वालों और पॉलिथीन उपयोग करने वालों पर होगी बड़ी कार्रवाई!

Nikk Pandit
0
क्या शहर की सड़कों पर कब्जा कर व्यापार करना सही है? क्या स्वच्छता सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी है? आखिर कब तक आम लोग जाम, गंदगी और अव्यवस्थित ठेलों की परेशानी झेलेंगे? अब इन सवालों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है।

बंटी शर्मा शिवपुरी:ख़बर शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका परिषद अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन और नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ के मार्गदर्शन में शहरभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि बार-बार समझाइश और कार्रवाई के बावजूद कई ठेला संचालक, दुकानदार और व्यवसायी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।

नगर पालिका की टीम ने अस्पताल चौराहा, माधव चौक, कोर्ट रोड स्थित मंडी और अन्य व्यस्त बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के सामने कचरा फैलाना, सड़क तक सामान रखना, खुले में गंदे डस्टबिन रखना और प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग करते हुए कई लोग पाए गए। अधिकारियों ने इसे शहर की सुंदरता और आमजन के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बताया है।

सबसे ज्यादा शिकायतें कोर्ट रोड स्थित मंडी क्षेत्र से सामने आई हैं। यहां सड़क के दोनों तरफ अवैध तरीके से ठेले, दुकानें और सामान लगाकर अतिक्रमण किया जा रहा है। कई जगहों पर ठेले इस तरह लगाए जा रहे हैं कि रास्ता संकरा हो रहा है और यातायात प्रभावित हो रहा है। आम लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर पालिका प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अब कोर्ट रोड सस्थित मंडी सहित पूरे शहर में सड़क पर अव्यवस्थित ठेले लगाने, अतिक्रमण करने, गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। केवल चालान ही नहीं, बल्कि सामान जब्ती और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

सीएमओ इशांक धाकड़ ने स्पष्ट कहा कि शहर को व्यवस्थित रखने के लिए लगातार अभियान चल रहा है, लेकिन कुछ लोग बार-बार नियम तोड़कर व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं। अब किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

अब सवाल जनता से भी है — क्या हम शिवपुरी को साफ और व्यवस्थित शहर बनाना चाहते हैं? क्या व्यापार के नाम पर सड़कें घेरना सही है? क्या गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती जरूरी नहीं है?

📢 आप क्या सोचते हैं? कोर्ट रोड स्टेट मंडी और शहर में चल रहे अतिक्रमण पर कार्रवाई होनी चाहिए या नहीं? अपनी राय जरूर दें।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)