शिवपुरी में कर्मचारी निकला चोर, गोदाम से 68 हजार का घी-तेल कार में भरते पकड़ा गया

Nikk Pandit
0
मालिक की गैरमौजूदगी में साथियों संग कर रहा था चोरी, CCTV फुटेज से खुला राज

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक किराना व्यापारी के गोदाम से घी और तेल चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी ही निकला। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर कार में हजारों रुपए का सामान भर रहा था, तभी व्यापारी की नजर उस पर पड़ गई और पूरा मामला खुल गया।

जानकारी के अनुसार, वर्मा कॉलोनी निवासी किराना व्यापारी हेमंत गुप्ता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह किसी जरूरी काम से घर गए हुए थे। जब वापस लौटे तो गोदाम के सामने एक कार खड़ी दिखाई दी। दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी कुनाल रजक कार में घी और तेल के कार्टन रख रहा था। पूछने पर उसने सामान किसी ग्राहक का बताया, लेकिन व्यापारी को उसकी बात पर शक हो गया।

संदेह बढ़ने पर व्यापारी ने अपने बेटे एडवोकेट शुभम गुप्ता को मौके पर बुलाया। इसके बाद दोनों ने गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज देखने पर कुनाल रजक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। बताया जा रहा है कि वह पहले भी चोरी-छिपे सामान बाहर निकालता दिखाई दिया। इसके बाद व्यापारी ने कर्मचारी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ चोरी करना कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोपहर के समय भी कार में घी और तेल की कट्टियां भरकर बाहर ले जाई गई थीं। यह सुनते ही व्यापारी और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कुनाल रजक और उसके साथी राजेंद्र पाल को पकड़ लिया। हालांकि, इस दौरान उनका एक अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस जांच में सामने आया कि गोदाम से गगन डालडा की 12 कट्टियां, कृति तेल के 8 कार्टन और गोवर्धन घी की कई पेटियां गायब थीं। चोरी हुए माल की कुल कीमत करीब 68 हजार 380 रुपए बताई जा रही है।

कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले भी कहीं इसी तरह की वारदात को अंजाम तो नहीं दिया। घटना ने व्यापारियों के बीच सुरक्षा और कर्मचारियों पर भरोसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)