शिवपुरी में किसानों के समर्थन में कांग्रेस का बड़ा चक्काजाम:आगरा-मुंबई हाईवे पर ढाई घंटे तक रुका ट्रैफिक, कांग्रेस नेताओं ने सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पड़ौरा चौराहा पर गुरुवार को कांग्रेस ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार चक्काजाम किया। करीब ढाई घंटे तक चले इस प्रदर्शन के चलते आगरा-मुंबई हाईवे की दोनों लेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हाईवे पर ट्रकों, बसों और छोटे वाहनों का दबाव इतना बढ़ गया कि कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए किसानों के हित में आवाज बुलंद की।

इस प्रदर्शन में विधायक फूल सिंह बरैया, पूर्व मंत्री लाखन सिंह बघेल, विधायक बाबू जंडेल, विधायक कैलाश कुशवाह, जिला प्रभारी देवेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक प्रागीलाल जाटव और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल सहित शिवपुरी और श्योपुर जिले के सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और सरकार लगातार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है।

प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए पहले से तैयारी कर रखी थी। बड़े और भारी वाहनों को कोलारस और सतनबाड़ा थाना क्षेत्र में ही रोक दिया गया था। साथ ही ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद शुरुआती समय में कई वाहन हाईवे पर ही फंस गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के कारण हाईवे पर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

चक्काजाम से पहले कांग्रेस कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में दावा किया गया था कि जरूरी सेवाओं और कच्चा माल लेकर जा रहे वाहनों के लिए कॉरिडोर बनाया जाएगा। साथ ही जाम में फंसे लोगों के लिए पानी और जरूरत पड़ने पर भोजन की व्यवस्था करने की बात भी कही गई थी। हालांकि मौके पर ऐसे इंतजाम दिखाई नहीं दिए। फल-सब्जी और अन्य सामान लेकर जा रहे कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे वाहन चालकों में नाराजगी देखने को मिली।

जाम में फंसे ट्रक चालक सतीश ने कहा कि उसके ट्रक में कच्चा माल भरा हुआ है और लंबे समय तक जाम में फंसने से माल खराब होने का खतरा है। चालक ने कहा कि इस तरह सड़क जाम कर ड्राइवरों और आम लोगों को परेशान करने से समस्या का समाधान नहीं निकलेगा। हालांकि कांग्रेस नेताओं का कहना था कि किसानों की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए आंदोलन जरूरी है।

विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए चक्काजाम को जल्दी समाप्त कर दिया गया। वहीं विधायक फूल सिंह बरैया ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान अन्नदाता होने के बावजूद अपनी फसल का सही मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस देशभर के हाईवे बंद करने का बड़ा आंदोलन करेगी।

पूर्व मंत्री लाखन सिंह बघेल ने भी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल शुरुआत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में फिलहाल एक हाईवे पर चक्काजाम किया गया है, लेकिन यदि सरकार नहीं जागी तो आने वाले समय में प्रदेश और देशभर में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बघेल ने कहा कि अगली बार ऐसा चक्काजाम होगा, जिसमें किसी भी वाहन का पहिया नहीं घूम सकेगा।

तस्वीरों में देखें प्रदर्शन
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)