सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर टोंगरा रोड पर दिनदहाड़े लूट जैसी वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने पैदल जा रहे युवक को बातों में उलझाकर उसकी जेब से करीब 7 से 8 हजार रुपए निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर टोंगरा रोड निवासी रविंद्र वर्मा ने बताया कि घटना 14 मई की शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच की है। वह अपनी कार से गांव पहुंचे थे और वहां से पैदल अपनी बुआ के घर जा रहे थे। इसी दौरान घर के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे।
पीड़ित के मुताबिक, दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। आरोपियों ने पहले बातचीत करने के बहाने उन्हें रोका और फिर गले में हाथ डालकर चालाकी से उनकी जेब में रखे 7 से 8 हजार रुपए निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक तेजी से बाइक लेकर फरार हो गए।
रविंद्र वर्मा ने बताया कि यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। पीड़ित ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर खुलेआम सड़क पर लोगों को निशाना बनाने वाले बदमाशों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? और बिना नंबर प्लेट की बाइकें शहर में आखिर कैसे दौड़ रही हैं?