सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन और नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ के नेतृत्व में शनिवार को शहर के कई इलाकों में विशेष स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जहां अवैध कब्जों पर कार्रवाई हुई, वहीं गंदगी फैलाने वालों पर चालानी कार्रवाई कर सख्त संदेश भी दिया गया।
सबसे पहले नगर पालिका टीम अस्पताल चौराहा स्थित गोलंबर क्षेत्र पहुंची, जहां सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों के बाहर गंदगी और इस्तेमाल की गई पॉलिथीन फैली मिली। इस पर सीएमओ इशांक धाकड़ ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके पर एक जूस दुकान संचालक पर 500 रुपए और एक फोटोशॉप संचालक पर 250 रुपए का चालान काटा गया। साथ ही दुकानदारों से मौके पर ही सफाई भी कराई गई।
इसके बाद नगर पालिका टीम कोर्ट रोड स्थित मंडी क्षेत्र पहुंची। यहां पूर्व की तुलना में व्यवस्था बेहतर मिली, लेकिन कुछ स्थानों पर अब भी अतिक्रमण की स्थिति देखने को मिली। सीएमओ इशांक धाकड़ ने संबंधित दुकानदारों को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि तय समय सीमा के बाद सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड क्रमांक-6 के निरीक्षण के दौरान नगर पालिका टीम ने पाया कि कई लोगों ने नालियों के ऊपर अवैध निर्माण और अतिक्रमण कर रखा है, जिससे जल निकासी बाधित हो रही है। नतीजतन गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और लोगों को दुर्गंध व गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर संबंधित मकान मालिकों और दुकानदारों को 24 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ इशांक धाकड़ ने साफ शब्दों में कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता सिर्फ प्रशासन नहीं, बल्कि पूरे शहर की जिम्मेदारी है।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अब शहर में चर्चा यही है कि सीएमओ इशांक धाकड़ की सख्ती से क्या शिवपुरी सच में अतिक्रमण और गंदगी मुक्त बन पाएगा? फिलहाल नगर पालिका की ताबड़तोड़ कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अब नियम तोड़ने वालों पर सीधे एक्शन होगा।