सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गुना में आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहा एक परिवार उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 8 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रन्नौद थाना क्षेत्र के अकोदा गांव निवासी 35 वर्षीय वीर सिंह पाल अपनी पत्नी राजकुमारी पाल और दो बेटियों देविका व पल्लवी के साथ बाइक से गुना जा रहे थे। परिवार जैसे ही एनएच-46 स्थित ईश्वरी ओवरब्रिज पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक MP 04 GB 0156 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा परिवार सड़क पर जा गिरा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और बदरवास पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल बदरवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 8 वर्षीय देविका को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं दूसरी ओर गंभीर रूप से घायल पल्लवी और उसके माता-पिता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिला हुए मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर एनएच-46 पर लगातार हो रहे हादसों पर लगाम कब लगेगी? कितनी और जिंदगियां सड़क पर यूं ही खत्म होती रहेंगी?