सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका परिषद अब पूरी तरह “एक्शन मोड” में नजर आ रही है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन और नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी किया गया।
अभियान के तहत सुभाष पार्क स्थित सब्जी मंडी, कोर्ट रोड मंडी, माधव चौक, डीपी ट्रांसफार्मर क्षेत्र एवं आसपास के बाजारों में नगर पालिका की टीम सुबह से ही सक्रिय दिखाई दी। ट्रांसफार्मर के आसपास जमा कचरा, प्लास्टिक और ज्वलनशील सामग्री हटवाई गई। नगर पालिका अधिकारियों ने साफ कहा कि गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मर के पास फैला कचरा किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है, इसलिए लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ श्री इशांक धाकड़ खुद पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करते नजर आए। उन्होंने व्यापारियों और ठेला संचालकों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दुकानदारों को दो-दो डस्टबिन रखने, सूखा और गीला कचरा अलग करने तथा कचरा नगर पालिका की गाड़ियों में ही डालने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रांसफार्मर के आसपास कचरा फेंकने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान सड़क पर फैले कचरे को हटवाया गया और गंदे एवं अस्वच्छ डस्टबिन जब्त किए गए। नगर पालिका की टीम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग करने वाले दुकानदारों को भी चेतावनी दी। प्रशासन ने साफ कर दिया कि अब बाजारों में स्वच्छता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही पर सीधी चालानी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने मंडी क्षेत्र से लेकर माधव चौक तक लगातार फॉलोअप निरीक्षण किया। जिन दुकानदारों और ठेला संचालकों को पहले भी समझाइश दी जा चुकी थी, उन्हें अंतिम चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कठोर कार्रवाई तय है। कोर्ट रोड मंडी में डीपी ट्रांसफार्मर के आसपास लगे अव्यवस्थित ठेलों को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित कराया गया।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा की सख्त मॉनिटरिंग और सीएमओ श्री इशांक धाकड़ की सक्रिय कार्यशैली का असर अब शहर में साफ दिखाई देने लगा है। नगर पालिका द्वारा लगातार सफाई, फॉगिंग, नालियों की सफाई, कचरा संग्रहण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से बाजारों में व्यवस्था बेहतर होती नजर आ रही है। आम नागरिक भी प्रशासन की इस मुहिम की सराहना कर रहे हैं।
सीएमओ श्री इशांक धाकड़ ने कहा कि नगर पालिका का एकमात्र उद्देश्य शिवपुरी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि “स्वच्छ शिवपुरी, स्वस्थ शिवपुरी” अभियान में सभी सक्रिय भागीदारी निभाएं, क्योंकि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से ही शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर-1 बनाया जा सकता है।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।