सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। शनिवार को कोलारस, बदरवास और लुकवासा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विभाग ने रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे तीन वाहनों को जब्त किया। अब तीनों मामलों के प्रकरण कलेक्टर न्यायालय भेजे जाएंगे।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश और खनिज अधिकारी रामसिंह उइके के मार्गदर्शन में की गई। खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास और ऋषभ दीक्षित ने संयुक्त टीमों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
कोलारस क्षेत्र में टीम ने अवैध रेत परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। वाहन को जब्त कर कोलारस थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। वहीं बदरवास क्षेत्र में भी रेत से भरा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया, जिसे बदरवास थाना में सुरक्षित रखा गया है।
अभियान के दौरान लुकवासा क्षेत्र में टीम को बड़ी सफलता मिली, जहां अवैध गिट्टी का परिवहन कर रहे 10 चक्का डंपर को पकड़ा गया। खनिज विभाग ने डंपर को जब्त कर लुकवासा चौकी में खड़ा कराया है
खनिज विभाग अब तीनों मामलों में प्रकरण तैयार कर रहा है, जिन्हें अर्थदंड की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय भेजा जाएगा। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास और ऋषभ दीक्षित की टीम लगातार फील्ड में सक्रिय नजर आ रही है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वहीं सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर जिले में लगातार हो रहे अवैध खनिज परिवहन पर पूरी तरह लगाम कब लगेगी?