सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में 4 मई 2026 शहर में बढ़ती गंदगी पर अब निर्णायक प्रहार होता नजर आ रहा है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के नेतृत्व और नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ की सक्रिय कार्यशैली ने स्वच्छता अभियान को एक नई दिशा दे दी है। सुबह 7 बजे से ही माधव चौक से फिजिकल क्षेत्र तक चला यह अभियान शहर में अनुशासन और सफाई का मजबूत संदेश देता दिखा।
सीएमओ इशांक धाकड़ खुद मैदान में उतरे और टीम के साथ दुकानों, ठेलों और बाजारों का निरीक्षण किया। प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन पर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में जब्ती की गई, वहीं गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई। जूस सेंटर, चाय-पान और होटल संचालकों को कचरा डिब्बा रखना अनिवार्य किया गया—स्पष्ट संदेश कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
इतना ही नहीं, सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वाले ठेला चालकों को भी सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने ठेले सड़क पर नहीं बल्कि निर्धारित स्थान पर पीछे लगाएं। जो ठेले आगे पाए गए, उन्हें तुरंत हटवाया गया और संचालकों को समझाइश दी गई।
इस अभियान की खास बात रही प्रशासन की सख्ती—एक क्षेत्रीय दरोगा की लापरवाही पर एक दिन का वेतन काटा गया, जो यह दर्शाता है कि कलेक्टर के निर्देशन में अब जवाबदेही तय हो रही है।शहर में चर्चा है कि कलेक्टर अर्पित वर्मा की सख्त मॉनिटरिंग और सीएमओ इशांक धाकड़ की ग्राउंड पर सक्रियता ने शिवपुरी को स्वच्छता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा दिया है।