सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के खद्द गांव में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गड़ासी, लाठी-डंडों और बंदूक तक का इस्तेमाल होने लगा। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के करीब 6 से 7 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि करीब आठ महीने पहले एक युवक दूसरे पक्ष के परिवार की बहू को अपने साथ ले गया था। बाद में पुलिस ने महिला को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव और दुश्मनी बनी हुई थी।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे खद्द गांव निवासी बृजमोहन यादव अपने भाई सियाराम यादव के साथ खेत पर पानी की मोटर चालू करने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के ऐवरन यादव, वीरू यादव, सिंधिया यादव और मेघसिंह यादव वहां आ गए। आरोप है कि ऐवरन यादव बंदूक लेकर पहुंचा था और सभी आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
झगड़े की आवाज सुनकर बृजमोहन के भाई रामहेत यादव, भाभी सेवा यादव और भतीजे लोकेन्द्र व राजेन्द्र यादव भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने गड़ासी व लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस हमले में सियाराम यादव के सिर, सेवा यादव के हाथ, रामहेत यादव के माथे और हाथ, लोकेन्द्र यादव के कंधे और पैर, तथा राजेन्द्र यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे बृजमोहन यादव भी घायल हो गए।
घटना के बाद बैराड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
गांव में इस खूनी संघर्ष के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है।