सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुक्तिधाम के सामने स्थित एक चाय-कोल्ड्रिंक्स और परचून की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई।
बताया जा रहा है कि कोल्ड्रिंक्स कंपनी के फ्रिजर का कंप्रेशर फटने से यह हादसा हुआ। धमाका इतना तेज था कि स्टॉल का हिस्सा तक टूट गया और कुछ ही पलों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार पुरानी शिवपुरी निवासी रविंद्र खेमरिया मुक्तिधाम के सामने स्टॉल संचालित करते हैं। शनिवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद होने के बाद अचानक फ्रिजर के कंप्रेशर में जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाके के साथ ही दुकान में आग भड़क उठी और अंदर रखा सामान धू-धू कर जलने लगा।
आग की ऊंची लपटें देखकर राहगीरों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
हालांकि जब तक आग बुझाई गई, तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। घटना की सूचना मिलते ही दुकान संचालक रविंद्र खेमरिया भी मौके पर पहुंच गए और अपनी जली हुई दुकान देखकर बदहवास हो गए।
दुकान संचालक के मुताबिक इस आगजनी की घटना में करीब दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि हादसा देर रात हुआ, नहीं तो बड़ा हादसा भी हो सकता था।
इस घटना ने दुकानों और स्टॉलों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर आग समय रहते नहीं बुझती तो आसपास की अन्य दुकानों तक भी फैल सकती थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम और फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।