शिवपुरी की लाइब्रेरी बनी “रणभूमि” — पढ़ाई कर रहे छात्रों पर डंडों से हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात!

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र स्थित तारकेश्वरी कॉलोनी की गुरु लाइब्रेरी में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 10 से 15 युवक लाइब्रेरी के अंदर घुस आए और पढ़ाई कर रहे छात्रों पर हमला बोल दिया। पूरी घटना लाइब्रेरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

पीड़ित छात्र प्रदीप गुर्जर, जो ग्राम बिची थाना सुरवाया का निवासी है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुरु लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहा था, ने बताया कि घटना की शुरुआत एक दिन पहले कुर्सी हटाने को लेकर हुए विवाद से हुई थी। शनिवार को मामूली कहासुनी और हाथापाई हुई थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला अगले दिन हिंसक रूप ले लेगा।

रविवार दोपहर करीब 2 बजे, प्रदीप लाइब्रेरी में बैठकर पढ़ाई कर रहा था। तभी अनिल ठाकुर, युवराज ठाकुर, अंकुश यादव सहित कई युवक लाइब्रेरी में पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोप है कि सभी ने मिलकर डंडों, घूंसों और लातों से हमला कर दिया।

हमले में प्रदीप गुर्जर के सिर, भौंह और पीठ में गंभीर चोटें आईं। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे छोटू गुर्जर और दीपक कुशवाह भी हमले का शिकार हो गए। शिकायत के मुताबिक छोटू की नाक और पीठ में चोट आई, जबकि दीपक के हाथ, कलाई और बगल में चोट पहुंची।

बताया गया है कि आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के दौरान मोहित सेन और नरेंद्र जाटव भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी।

🎥 सबसे अहम बात यह रही कि पूरी वारदात लाइब्रेरी के CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

👮 देहात थाना पुलिस के अनुसार मामले में तीन नामजद सहित 15 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

❓अब सवाल यह उठ रहा है कि जहां छात्र अपने भविष्य के लिए पढ़ाई करने जाते हैं, वहां अगर लाइब्रेरी के अंदर इस तरह की हिंसा होगी तो सुरक्षा व्यवस्था पर क्या असर पड़ेगा?
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)