भैंस चोरी रोकने पहुंचे सरपंच पर हमला! हथियारबंद बदमाशों ने चार लोगों को पीटा, मोबाइल-चेन भी लूटी

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। शादी समारोह से लौट रहे ग्राम बीलौनी के सरपंच बालकिशन जाटव और उनके साथियों पर उस समय हमला कर दिया गया, जब उन्होंने संदिग्ध लोगों से भैंसों को लोडिंग वाहन में चढ़ाने को लेकर पूछताछ की। आरोप है कि भैंस चोरी रोकने की कोशिश करना चार लोगों पर भारी पड़ गया और बदमाशों ने हथियारों से हमला बोल दिया।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 1 बजे सरपंच बालकिशन जाटव अपने साथी मुकेश जाटव, राजकुमार जाटव और चालक जगभान बघेल के साथ शादी समारोह से कार क्रमांक MP 04 YQ 9541 से लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी नरवर गैस गोदाम के सामने पहुंची, तब उन्होंने कुछ लोगों को भैंसों को लोडिंग वाहन में चढ़ाते देखा। शक होने पर उन्होंने रुककर पूछताछ शुरू की।

बताया जा रहा है कि पूछताछ होते ही माहौल बिगड़ गया। सरपंच के मुताबिक जब भैंस चोरी की बात कही गई तो बदमाश भड़क गए और कथित रूप से “पकड़ लो और गोली मार दो” जैसी धमकी दी गई। इसी दौरान कार बंद हो गई और करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने चारों लोगों को घेर लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने लाठी-डंडों, सरियों और अवैध कट्टों से हमला कर दिया। हमले के दौरान चारों लोगों के साथ मारपीट की गई और उनके मोबाइल फोन, सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली गई। घटना के बाद आरोपी भैंसों को मौके पर छोड़कर वाहन सहित फरार हो गए।

हमले में सरपंच बालकिशन जाटव की पीठ में चोट आई है, जबकि मुकेश जाटव की आंख, हाथ, पीठ और जांघ में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। राजकुमार जाटव और जगभान बघेल भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार नरवर अस्पताल में कराया गया।

इधर इस मामले से जुड़ा एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। धवा की बावड़ी क्षेत्र निवासी जवाहर रावत की 9 भैंसें चोरी होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें संदिग्ध लोग भैंसों को ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सरपंच और उनके साथियों के साथ इस तरह की वारदात हो सकती है, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे होगी? वहीं भैंस चोरी की घटनाओं को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि भैंस चोरी गिरोह का खुलासा कब होगा और हमलावरों तक पुलिस कब पहुंचेगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)