कुएं से बाहर निकलते ही तेंदुए का हमला, रेस्क्यू ऑपरेशन बना अफरा-तफरी का कारण; दो ग्रामीण घायल

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के उमरी गांव में शनिवार सुबह तेंदुए के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया। कुएं में गिरे तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद वह अचानक बेकाबू हो गया और वहां मौजूद वन विभाग की टीम व ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हमले में दो ग्रामीण घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार उमरी गांव के पास एक तेंदुआ गाय के बछड़े का शिकार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह पास के गहरे कुएं में जा गिरा। ग्रामीणों ने जब कुएं के अंदर तेंदुए को देखा तो तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

इस दौरान स्थानीय ग्रामीण भी टीम की मदद में जुटे रहे।
काफी मशक्कत के बाद जैसे ही तेंदुए को कुएं से बाहर निकाला गया, वह अचानक तेजी से भीड़ की तरफ झपट पड़ा। तेंदुए के हमले से मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई। इस हमले में भिलौड़ी निवासी 59 वर्षीय मोहन सिंह पुत्र भूपसिंह यादव तथा 35 वर्षीय बुद्धा पुत्र पूरन सिंह मोगिया घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद वन विभाग की टीम ने दोनों घायलों को बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

इस पूरे मामले को लेकर पोहरी रेंजर श्रुति राठौर ने बताया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वह वन क्षेत्र श्योपुर जिले की बेहरदा बीट के अंतर्गत आता है। इसलिए उन्हें इस रेस्क्यू ऑपरेशन और घटना की आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)