सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए शिवपुरी पुलिस ने आम नागरिकों के लिए विशेष साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस ने लोगों को फेक कॉल, नकली KYC अपडेट, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस और सीबीआई अधिकारी बनकर डराने वाले ठगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक साइबर अपराधी अब नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।
कई मामलों में कोरियर या पार्सल के नाम पर कॉल कर लोगों से मोबाइल पर कोड डायल करवाया जाता है, जिससे उनका फोन हैक हो सकता है। वहीं कई लोगों को मोबाइल नंबर बंद होने, बैंक KYC अपडेट नहीं होने या अवैध गतिविधियों में नाम आने की धमकी देकर डराया जा रहा है।
शिवपुरी पुलिस ने एडवाइजरी में साफ कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक डिटेल, OTP, आधार नंबर, UPI PIN या अन्य निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक या व्हाट्सएप मैसेज पर क्लिक करने से बचें। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि खुद को पुलिस, सीबीआई या सरकारी अधिकारी बताकर कॉल करने वालों से सतर्क रहें और ऐसे कॉल आने पर तुरंत कॉल काट दें। इसके अलावा विदेशी नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल रिसीव न करने की सलाह भी दी गई है।
पुलिस ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो वह तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करे और अपनी शिकायत दर्ज कराए। साथ ही www.cybercrime.gov.in� पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि ठगी के एक घंटे के भीतर शिकायत दर्ज होने पर पैसा वापस मिलने की संभावना सबसे अधिक रहती है।
शिवपुरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जागरूक रहें, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।