जनसुनवाई बनी जरूरतमंदों का सहारा: धर्मेन्द्र को मिली नौकरी, दो आवेदकों को आर्थिक सहायता देकर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बढ़ाया संबल

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई अब आम लोगों के लिए उम्मीद और समाधान का केंद्र बनती जा रही है। जनसुनवाई में आने वाले कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है और प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित निराकरण किया जाए। यही वजह है कि अब बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जनसुनवाई में पहुंच रहे हैं।

इसी क्रम में जनसुनवाई के दौरान धर्मेन्द्र सिंह चौहान को बड़ी राहत मिली। तहसील करैरा निवासी धर्मेन्द्र सिंह चौहान पुत्र महेन्द्र सिंह चौहान को अनुकंपा नियुक्ति आदेश प्रदान किया गया। उन्हें भृत्य पद पर नियुक्त करते हुए तहसील कार्यालय करैरा में पदस्थ किया गया है। यह नियुक्ति निर्धारित शर्तों के साथ तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि के लिए प्रभावी रहेगी।

जनसुनवाई में सिर्फ रोजगार ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। महल सराय निवासी फूलवती पत्नी फगना आदिवासी ने अपनी झोपड़ी में आग लगने से हुए नुकसान की जानकारी देते हुए आर्थिक सहायता की मांग की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने उन्हें 13 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर राहत प्रदान की।

वहीं बड़ौदी निवासी दिव्यांग राजेश मोगिया ने भी सहायता के लिए आवेदन दिया था। इस पर कलेक्टर ने तत्काल मानवीय पहल करते हुए रेड क्रॉस के माध्यम से 3 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। इससे आवेदक को तत्काल राहत मिली।

जनसुनवाई में हुई इन कार्रवाइयों ने यह संदेश दिया है
कि प्रशासन केवल आवेदन लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने और वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

लगातार हो रहे त्वरित निराकरण और मौके पर सहायता वितरण से जनसुनवाई अब जिले के लोगों के लिए विश्वास, राहत और उम्मीद का मंच बनती जा रही है। प्रशासन की यह पहल आमजन को सीधी राहत देने का प्रभावी माध्यम साबित हो रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)