सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के ग्राम टोंगरा और राजगढ़ स्थित उप स्वास्थ्य केंद्रों का शनिवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, वैक्सीनेशन और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कई जगह अव्यवस्थाएं मिलने पर अधिकारियों को सख्त निर्देश भी दिए गए।
ग्राम टोंगरा उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर कलेक्टर ने सीएचओ रमा दांगी, आशा कार्यकर्ता सुशीला रावत और अंगुरी रावत से चर्चा की। केंद्र के आसपास गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित सचिव के सहयोग से तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही केंद्र में बड़ी संख्या में रखे आयुष्मान कार्ड ग्रामीणों तक जल्द पहुंचाने के लिए कहा।
इसके बाद कलेक्टर श्री वर्मा ने राजगढ़ उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी खुशवेन्द्र मिश्रा से उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र, वैक्सीनेशन और पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि केंद्र परिसर के आसपास कचरा जमा हो जाता है, जिससे परेशानी बनी रहती है।
⚠️ सीएचओ खुशवेन्द्र मिश्रा ने कलेक्टर को बताया कि परिसर की सुरक्षा और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए तार फेंसिंग कराना जरूरी है। इस पर कलेक्टर ने पटवारी से तत्काल भूमि सीमांकन कराने और फेंसिंग करवाने के निर्देश दिए।
👶 निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों की मृत्यु दर की जानकारी ली। सीएचओ ने बताया कि पिछले वर्ष यह संख्या 29 रही। इस पर अधिकारियों को बच्चों के आंकड़ों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
🩺 निरीक्षण के दौरान एक दिलचस्प तस्वीर भी देखने को मिली, जब कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्वयं अपना मलेरिया टेस्ट कराया। उन्होंने मलेरिया किट देखकर सीएचओ से पूछा कि जांच कैसे होती है और तुरंत अपना परीक्षण करवाया। करीब 10 मिनट बाद आई रिपोर्ट में उनका रिजल्ट नेगेटिव आया।
📞 वहीं राजगढ़ उप स्वास्थ्य केंद्र के आसपास गंदगी मिलने और शिकायतें आने पर कलेक्टर ने सचिव एवं सहायक सचिव को फोन लगाया, लेकिन दोनों ने कॉल रिसीव नहीं किया। इस पर नाराज कलेक्टर ने दोनों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश सीईओ को दिए।