सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के नरवर नगर में शनिवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम फॉरेस्ट चौकी के पास स्थित महाराणा प्रताप तिराहे पर आयोजित हुआ, जहां समाजजनों ने महाराणा प्रताप के छायाचित्र पर तिलक लगाकर माल्यार्पण किया और “जय महाराणा प्रताप” के नारों से माहौल गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष संतोष सिंह राजपूत ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर प्रशासन और नगर परिषद पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई बार आवेदन और मांग पत्र देने के बावजूद अब तक प्रतिमा स्थापना की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
⚠️ संतोष सिंह राजपूत ने कहा कि जिस स्थान पर आज महाराणा प्रताप की प्रतिमा होनी चाहिए, वहां केवल तस्वीर रखकर माल्यार्पण करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर परिषद नरवर से जल्द प्रतिमा स्थापित कराने की मांग दोहराई।
सभा में मौजूद लोगों ने भी कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं बल्कि स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। ऐसे में नरवर नगर में उनकी प्रतिमा स्थापित होना सम्मान की बात होगी।
कार्यक्रम में हनुमत सिंह रावत, कृपाल सिंह सोलंकी, पिंटू प्रजापति, मोहन सिंह कुशवाहा, अर्जुन रजक, मनमोहन वाथम, अजय सिंह बैस, प्रदीप परमार, जितेंद्र प्रताप सिंह जादौन, धर्मेंद्र सिंह बैस, मोनू सोलंकी, अरविंद सिंह सोलंकी सहित करीब 50 लोग मौजूद रहे।
❓अब सवाल यह उठता है कि आखिर कई बार मांग उठने के बाद भी नगर परिषद प्रतिमा स्थापना को लेकर गंभीर क्यों नहीं दिख रही? क्या वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को उनका सम्मान मिल पाएगा?