जनगणना ड्यूटी पर निकले शिक्षक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर:शिवपुरी में बड़ा हादसा, गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर… अब तक नहीं आया होश

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में जनगणना 2027 के कार्य में जुटे एक शिक्षक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। बुधवार को सतनवाड़ा थाने के सामने हुए इस हादसे ने प्रशासनिक व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने शिक्षक की मोटरसाइकिल को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घायल शिक्षक की पहचान दिनेश नरवरिया के रूप में हुई है। वे जनगणना संबंधी कार्य के लिए अपनी निजी मोटरसाइकिल से एचएलबी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह सरकारी जिम्मेदारी निभाने के लिए सुबह निकले थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर मारने वाला वाहन काफी तेज रफ्तार में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल शिक्षक को संभाला और पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोटें होने के कारण डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, हादसे के कई घंटे बाद भी दिनेश नरवरिया को होश नहीं आया है। उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिससे परिवार और साथी शिक्षकों में चिंता का माहौल है। परिजन ग्वालियर में अस्पताल के बाहर दुआओं और उम्मीदों के सहारे बैठे हैं।

इस घटना के बाद कर्मचारियों और शिक्षक संगठनों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पिपलोदा ने हादसे पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने घायल शिक्षक को तत्काल आर्थिक सहायता और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है।

कर्मचारी संघ ने यह सवाल भी उठाया है कि जब कर्मचारी दूर-दराज क्षेत्रों में सरकारी ड्यूटी निभाने के लिए भेजे जाते हैं, तब उनकी सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए जाते हैं? अगर कोई कर्मचारी हादसे का शिकार हो जाए तो उसके परिवार की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? इन सवालों ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके। वहीं जिलेभर के शिक्षक और कर्मचारी दिनेश नरवरिया के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)