शिवपुरी में “एक्शन मोड” पर नगर पालिका, सीएमओ इशांक धाकड़ की सख्ती से मंडियों में दिखा बड़ा बदलाव

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका अब पूरी तरह “एक्शन मोड” में नजर आ रही है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ लगातार सुबह मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार सुबह कोर्ट रोड सब्जी मंडी से लेकर माधव चौक तक चले विशेष अभियान में नगर पालिका की सख्त कार्रवाई का असर साफ दिखाई दिया।

सुबह 7 बजे से शुरू हुए अभियान के दौरान नगर पालिका टीम ने मंडी क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानदारों और ठेला संचालकों को सड़क तक दुकानें फैलाकर व्यापार करते पाया गया, जिससे आमजन की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। मौके पर पहुंचे सीएमओ इशांक धाकड़ ने तत्काल दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि दुकानें निर्धारित सीमा के अंदर ही लगाई जाएं और सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभियान में सबसे ज्यादा जोर स्वच्छता व्यवस्था पर दिया गया। जिन दुकानों के सामने गंदगी मिली, वहां तत्काल सफाई कराई गई। नगर पालिका टीम ने कई गंदे और अस्वच्छ डस्टबिन जब्त किए, वहीं प्लास्टिक पॉलिथीन मिलने पर संबंधित दुकानदारों को अंतिम चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि अब नियम तोड़ने वालों पर सीधे बड़ी चालानी कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ इशांक धाकड़ ने व्यापारियों और ठेला संचालकों से चर्चा करते हुए कहा कि हर दुकान पर बड़ा डस्टबिन रखना अनिवार्य है और कचरा केवल नगर पालिका की कचरा गाड़ियों में ही डाला जाए। उन्होंने नागरिकों से कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ शहर बनाने में प्रशासन के साथ जनता की भागीदारी भी जरूरी है।

अभियान के दौरान नगर पालिका टीम ने उन ठेला संचालकों की भी व्यवस्था कराई जिनके पास उचित स्थान नहीं था। कई ठेलों को व्यवस्थित रूप से मंडी के अंदर स्थानांतरित किया गया ताकि सड़क पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति खत्म हो सके। मंडी क्षेत्र से लेकर माधव चौक तक लगातार फॉलोअप निरीक्षण किया गया, जहां पहले हुई कार्रवाई के बाद अब सुधार भी देखने को मिला।

माधव चौक क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के तहत सड़क किनारे फैले सामान और अव्यवस्थित ठेलों को हटवाया गया। सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में कार्रवाई हो चुकी है, वहां नियमित निगरानी रखी जाए ताकि दोबारा अव्यवस्था पैदा न हो। उन्होंने साफ कहा कि नगर पालिका केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि शहर में स्थायी सुधार चाहती है।

शहर में अब चर्चा है कि कलेक्टर अर्पित वर्मा की सख्त मॉनिटरिंग और सीएमओ इशांक धाकड़ की लगातार ग्राउंड एक्टिविटी का असर साफ दिखाई देने लगा है। बाजारों में व्यवस्थाएं सुधर रही हैं, स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ रही है और अतिक्रमण पर भी लगातार नियंत्रण देखने को मिल रहा है। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिवपुरी को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)