सागर शर्मा शिवपुरी:खबर भारतीय सेना की स्पेशल फोर्स 6 पेरा रेजीमेंट से सेवानिवृत्त होकर शिवपुरी लौटे हवलदार अरविंद रावत का शहर में जोरदार और भावुक स्वागत किया गया। इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन के नेतृत्व में राजेश्वरी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और हजारों लोगों ने उनका सम्मान किया। देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के जयघोष से पूरा माहौल देशप्रेम में रंगा नजर आया।
जानकारी के अनुसार, हवलदार अरविंद रावत 30 अप्रैल 2026 को भारतीय सेना से रिटायर हुए हैं। शिवपुरी पहुंचने पर सबसे पहले उन्होंने राजेश्वरी माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन के जिला अध्यक्ष कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा ने माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों और नारों के साथ सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस दौरान कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा ने कहा कि “भारतीय सेना में सेवा देकर सकुशल लौटना गर्व और सम्मान की बात होती है। सैनिक का हर पल राष्ट्र के लिए समर्पित होता है। देशभक्ति का जज्बा सेना के जवानों में कूट-कूट कर भरा होता है और वे अंतिम सांस तक देश सेवा के लिए तत्पर रहते हैं।” उन्होंने कहा कि अरविंद रावत ने कठिन परिस्थितियों में देश की आन-बान-शान के लिए सेवा की है और अब वे समाज तथा पूर्व सैनिकों के हित में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के बाद माता राजेश्वरी मंदिर से उनके निज निवास सिंह निवास तक भव्य वाहन रैली निकाली गई। सैकड़ों वाहनों के साथ निकली इस रैली का रास्ते में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। कई स्थानों पर फूल बरसाए गए और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचल से भी बड़ी संख्या में लोग इस स्वागत समारोह में शामिल हुए।
हवलदार अरविंद रावत के निवास पर विशेष मंच सजाया गया था, जहां अतिथियों और आम लोगों के लिए खान-पान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए देश सेवा में दिए गए योगदान को सलाम किया। माहौल पूरी तरह देशभक्ति और सम्मान से भरा हुआ नजर आया।
इस अवसर पर कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, वेटरन शिवकुमार समाधिया, वेटरन मनोज कुमार शर्मा, वेटरन मनोज दीक्षित, एडवोकेट वरुण शर्मा, एएसआई वासुदेव रावत, टीआई बृजमोहन रावत, एसएएफ राजेंद्र रावत, खेल अधिकारी हरि सिंह रावत, विधायक कैलाश कुशवाहा, पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, भाजपा नेता सोनू बिरथरे सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हरि सिंह रावत ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एएसआई वासुदेव रावत ने व्यक्त किया।