करैरा में तेज रफ्तार का कहर:आईसर की जोरदार टक्कर से युवक की मौत, दोस्त जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर  शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ग्राम टीला स्थित पावर हाउस के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान जितेन्द्र आदिवासी (पटैल) के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त सुरेन्द्र झा, निवासी गल्ला मंडी करैरा, के साथ मोटरसाइकिल से पिछोर से करैरा लौट रहा था। दोनों दोस्त रात के समय सामान्य तरीके से अपने घर की ओर जा रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है।

बताया जा रहा है कि तभी करैरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक सफेद रंग की आईसर गाड़ी (क्रमांक MP 33 H 2146) ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और तुरंत परिजनों को सूचना दी गई। डायल-112 की मदद से दोनों घायलों को करैरा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जितेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल सुरेन्द्र झा की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए शिवपुरी रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद आईसर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर जिले में तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय भारी वाहन चालक बेलगाम तरीके से सड़क पर दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन की मांग की है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)