बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के छान गांव में भागवत कथा के बैनरों से शुरू हुआ पारिवारिक विवाद मंगलवार को हिंसक झड़प में बदल गया। 4 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पत्थरबाजी, लाठी-डंडे और फायरिंग शुरू हो गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, राम सिंह तोमर के बेटे शिशुपाल तोमर का 4 बीघा जमीन को लेकर परिवार के ही दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि कोर्ट में आए फैसले के बाद शिशुपाल पक्ष खेत पर तार फेंसिंग कराने पहुंचा था, लेकिन वहां दूसरे पक्ष से विवाद हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक अप्रैल माह में गांव में आयोजित भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान लगे बैनरों में परिवार के कुछ सदस्यों की फोटो नहीं लगाई गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी तनाव बना था और मामला समाज की पंचायत के जरिए शांत कराया गया था।
मंगलवार को समाज के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा बैठक रखी गई थी। आरोप है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष भिड़ गए। घटना के दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई और फायरिंग भी की गई।
इस दौरान 24 वर्षीय वीरेंद्र तोमर के हाथ में गोली लगी, जबकि 14 वर्षीय मनीषा सोलंकी भी गोली लगने से घायल हो गई। इसके अलावा मारपीट में अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद घायलों को करेरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में मनीषा सोलंकी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायल पक्ष ने कई लोगों पर हमला और फायरिंग के आरोप लगाए हैं।
करेरा एसडीओपी आयुष जाखड़ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद सामने आया है। कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।