राशन वितरण पर उठे सवाल! हितग्राहियों का आरोप— गेहूं-चावल में कटौती, ऊपर से हुई वसूली; सिरसौद गांव का VIDEO वायरल

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करेरा अनुविभाग के सिरसौद गांव में शासकीय राशन वितरण व्यवस्था विवादों में आ गई है। ग्रामीणों और हितग्राहियों ने आरोप लगाया है कि राशन दुकान पर निर्धारित मात्रा से कम गेहूं और चावल दिया जा रहा है, वहीं प्रति हितग्राही अतिरिक्त राशि भी वसूली जा रही है। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब राशन वितरण के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

ग्रामीणों का कहना है कि कई लोगों को 2 से 3 किलोग्राम तक कम राशन दिया गया, जबकि 10 से 20 रुपए तक अतिरिक्त पैसे भी लिए गए। इससे गांव में नाराजगी बढ़ गई है और लोग पूरे मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीण प्रेम नारायण ने बताया कि उन्हें दो माह के राशन के बदले 22 किलो गेहूं और 6 किलो चावल दिया गया, जबकि उनके अनुसार 2 किलो अनाज कम मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे 10 रुपए अतिरिक्त भी लिए गए।

वहीं पुष्पेंद्र लोधी का कहना है कि उन्हें 20 किलो गेहूं और 8 किलो चावल मिला, लेकिन उसमें भी 2 किलो राशन कम था और 10 रुपए अलग से वसूले गए।

मुकेश पाल ने आरोप लगाया कि उन्हें 60 किलो गेहूं और 10 किलो चावल दिया गया, लेकिन 2 किलो कम राशन मिला और 20 रुपए अतिरिक्त लिए गए। इसी तरह धनीराम शिवहरे ने बताया कि दो व्यक्तियों के हिस्से का राशन लेने पर 3 किलो अनाज कम दिया गया और 20 रुपए अलग से लिए गए।

मामले में कई हितग्राहियों ने एक जैसे आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने राशन वितरण के दौरान के वीडियो भी रिकॉर्ड किए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ी है और वितरण व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

हालांकि राशन दुकान के सेल्समैन सुमित लोधी ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वह पहली बार राशन वितरण कर रहे हैं और इससे पहले यह काम महेश लोधी करते थे। सुमित का आरोप है कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सभी हितग्राहियों को पूरा राशन दिया जा रहा है।

अब मामला गांव से निकलकर चर्चा का विषय बन गया है और ग्रामीण निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)