स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी का विरोध पड़ा भारीदुकान में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, पिता-पुत्र समेत तीन घायल; दुकान में भी की तोड़फोड़

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में बिजली चोरी का विरोध करना एक दुकानदार और उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि स्मार्ट मीटर से अवैध बिजली कनेक्शन जोड़ने से रोकने पर पड़ोसी युवक अपने साथियों के साथ दुकान में घुस आया और जमकर मारपीट कर दी। 

इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी की गई। घटना में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार पूरनखेड़ी निवासी रामजीलाल लोधी पूरनखेड़ी टोल प्लाजा के पास चाय-नाश्ते की दुकान चलाते हैं। दुकान में बिजली सप्लाई के लिए उन्होंने स्मार्ट मीटर लगवा रखा है। रामजीलाल का आरोप है कि उनका पड़ोसी जितेंद्र रघुवंशी रात के समय उनके मीटर से अवैध तरीके से बिजली चोरी करता था, जिससे लगातार उनका बिजली बिल बढ़ता जा रहा था। कई बार समझाने के बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

रामजीलाल के मुताबिक गुरुवार रात करीब 11 बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो उन्होंने जितेंद्र रघुवंशी को स्मार्ट मीटर में तार जोड़ते हुए पकड़ लिया। जैसे ही उन्होंने इसका विरोध किया, दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के कुछ देर बाद जितेंद्र अपने कई साथियों को लेकर मौके पर पहुंच गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने आते ही दुकान में हंगामा शुरू कर दिया और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस हमले में रामजीलाल लोधी, उनके बेटे शिवकुमार लोधी और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान दुकान में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, लेकिन पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायल हालत में तीनों को हाईवे एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।

घटना के बाद इलाके के लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली चोरी और दबंगई की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से ऐसे विवाद बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल लुकवासा चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर स्मार्ट मीटर जैसी व्यवस्था होने के बावजूद बिजली चोरी कैसे हो रही थी और शिकायतों पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)