सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में स्वच्छता और अतिक्रमण हटाओ अभियान अब असर दिखाने लगा है। रविवार सुबह नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ के नेतृत्व में सुभाष पार्क सब्जी मंडी, वार्ड क्रमांक 22 और कोर्ट रोड स्थित मंडियों में फॉलोअप निरीक्षण किया गया, जहां पहले की तुलना में काफी सुधार देखने को मिला।
नगर पालिका टीम ने पाया कि अधिकांश दुकानदार और ठेला संचालक अब निर्धारित सीमाओं में व्यापार कर रहे हैं। जिन जगहों पर पहले गंदगी, अव्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति बनी रहती थी, वहां अब सफाई और बेहतर यातायात व्यवस्था दिखाई दी। टीम ने गंदे एवं खुले डस्टबिन जप्त किए और लोगों को सख्त हिदायत दी कि कचरा केवल नगर पालिका की गाड़ियों में ही डालें।
अभियान के दौरान वार्ड 22 और सुभाष पार्क क्षेत्र की नालियों की सफाई कराई गई। कई स्थानों पर अत्यधिक गंदगी मिलने पर लोगों को चेतावनी दी गई कि अगली बार चालानी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कुछ दुकानों पर ताले लगे मिलने पर संचालकों को मौके पर बुलाकर दुकानें खुलवाई गईं और स्वच्छता नियमों की जानकारी दी गई।
नगर पालिका ने अवैध पक्के अतिक्रमण भी हटवाए और व्यापारियों को अंतिम चेतावनी दी कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी। सीएमओ इशांक धाकड़ ने साफ कहा कि अब नगर पालिका केवल समझाइश नहीं बल्कि लगातार कार्रवाई करेगी।
इसके बाद कोर्ट रोड स्थित फल एवं सब्जी मंडी का निरीक्षण किया गया, जहां ठेला चालकों और दुकानदारों को अपनी दुकानें व्यवस्थित लगाने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों को साफ चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा सड़क पर अव्यवस्था और अतिक्रमण मिला तो अगले दिन से चालान और हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि शहर की प्रमुख मंडियों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार फॉलोअप निरीक्षण जारी रहेंगे। प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई नहीं बल्कि शिवपुरी को स्थायी रूप से स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है।