प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के फायदे गिनाए, अब मजदूरों को भी मिलेगी पेंशन

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पिछोर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरी में शनिवार को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना को लेकर विशेष कैंप आयोजित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एन.एस. नरवरिया ने ग्रामीणों और असंगठित मजदूरों को योजना की जानकारी देकर इसके लाभ बताए।

कार्यक्रम में अतिरिक्त सीईओ नरवरिया ने कहा कि यह योजना असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों और श्रमिकों के लिए बेहद लाभकारी है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों की मासिक आय 15 हजार रुपये या उससे कम है और जो आयकर दाता नहीं हैं, वे इस योजना का लाभ ले सकते हैं।

🧾 योजना के तहत 18 से 40 वर्ष आयु के श्रमिकों को हर माह 55 रुपये से लेकर 200 रुपये तक अपनी आयु के अनुसार जमा करने होंगे। सरकार भी उतनी ही राशि अंशदान के रूप में जमा करेगी। इसके बाद 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर लाभार्थी को हर महीने 3000 रुपये पेंशन दी जाएगी।

👷‍♂️ इस योजना में कचरा उठाने वाले, घरेलू कामगार, रिक्शा चालक, धोबी, खेतिहर मजदूर, दैनिक मजदूर, कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, घरेलू कर्मचारी और कारीगर जैसे असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को शामिल किया गया है। पंचायत सचिव अजब सिंह लोधी ने बताया कि यदि पेंशन प्राप्त करने के दौरान लाभार्थी की मृत्यु हो जाती है, तो उसकी पेंशन की 50 प्रतिशत राशि उसके जीवनसाथी को दी जाएगी।

📋 आयोजित कैंप में एक दर्जन से अधिक इच्छुक हितग्राहियों ने योजना में पंजीयन कराया। पंजीयन कराने वाले लाभार्थियों का माला पहनाकर और योजना का कार्ड देकर सम्मान भी किया गया। बाद में योजना के प्रचार-प्रसार के लिए एक सांकेतिक रैली भी निकाली गई।

🌟 कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सेमरी की सरपंच ममता अहिरवार, उपसरपंच चंद्रशेखर शर्मा, पीसीओ जवाहर सिंह माथुर, सीएचओ जवाहर राजपूत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)