खेत में घुसा जंगली सूअर, दो सगे भाइयों पर किया हमला: झाड़ियों से निकला और कर दिया अचानक वारशिवपुरी के ईटमा गांव में दहशत, दोनों घायल जिला अस्पताल में भर्ती

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के ईटमा गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेत में चारा काट रहे दो सगे भाइयों पर एक जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार संजय रावत अपने भाई मनीष रावत के साथ भैंसों के लिए चारा काटने खेत पर गए थे। दोनों भाई खेत में काम कर रहे थे, तभी पास की झाड़ियों में छिपा एक जंगली सूअर अचानक बाहर निकला और संजय रावत पर हमला कर दिया!

भाई को बचाने गया तो उस पर भी टूट पड़ा सूअर
संजय को जंगली सूअर के हमले से बचाने के लिए जब मनीष रावत आगे बढ़े तो सूअर ने उन पर भी हमला कर दिया। कुछ देर तक दोनों भाई जंगली जानवर से जूझते रहे। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद जंगली सूअर जंगल की तरफ भाग निकला।

 जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ग्रामीणों में बढ़ी दहशत

इस घटना के बाद ईटमा गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से जंगली जानवर आबादी और खेतों के नजदीक देखे जा रहे हैं, जिससे किसानों और पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)