शिवपुरी में मौत का डबल वार! कहीं करंट ने छीनी बुजुर्ग की सांस, तो कहीं जहरीली दवा पीकर व्यक्ति ने तोड़ा दम

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में मंगलवार का दिन शिवपुरी के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुआ। जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में एक साथ पहुंचे दो शवों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक तरफ गांव में घर के बाहर बैठे बुजुर्ग पर मौत बनकर बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा, तो दूसरी तरफ शहर में एक व्यक्ति ने जहरीली दवा पीकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में मातम पसर गया।

पहली दर्दनाक घटना सिरसौद थाना क्षेत्र के राजा की मुड़ेरी गांव की बताई जा रही है। गांव के 65 वर्षीय डोंगर सिंह तोमर मंगलवार को रोज की तरह घर के बाहर बैठे हुए थे। तभी अचानक घर तक पहुंची बिजली लाइन का तार टूटकर सीधे उनके ऊपर आ गिरा। बताया जा रहा है कि तार में तेज करंट दौड़ रहा था, जिससे बुजुर्ग बुरी तरह झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगते ही डोंगर सिंह जमीन पर गिर पड़े और आसपास अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में बिजली लाइनों की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर एक बुजुर्ग की जान जाने के बाद क्या विभाग जागेगा या फिर ऐसे ही हादसे होते रहेंगे?

वहीं दूसरी घटना शिवपुरी शहर के सर्किट हाउस रोड इलाके से सामने आई है। यहां रहने वाले 50 वर्षीय सरवन पाल ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीली दवा पी ली। जब उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी तो परिजन घबराकर उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

सरवन पाल ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। परिवार सदमे में है और परिजन कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन असली वजह पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।

दो अलग-अलग घटनाओं में हुई इन मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ बिजली विभाग की लापरवाही पर उंगलियां उठ रही हैं, तो दूसरी तरफ बढ़ते मानसिक तनाव और पारिवारिक परेशानियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल सिरसौद और कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)