सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के खनियाधाना कस्बे में स्थित मां वैष्णो इंडेन गैस एजेंसी एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। शुक्रवार को एजेंसी परिसर में हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक एजेंसी संचालक और स्टाफ पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाता नजर आ रहा है।
वायरल वीडियो में दिखी झूमाझटकी
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में युवक और एजेंसी कर्मचारियों के बीच काफी देर तक कहासुनी और झूमाझटकी दिखाई दे रही है। इसी दौरान एक महिला युवक का मोबाइल छीनने की कोशिश करती नजर आती है। वीडियो में युवक किसी तरह एजेंसी परिसर से बाहर निकलता दिखाई देता है।
उपभोक्ताओं ने उठाए सिलेंडर वितरण पर सवाल
स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडर की बुकिंग तो कर ली जाती है, लेकिन डिलीवरी से पहले ही उपभोक्ताओं से डीएसी नंबर ले लिया जाता है। इसके बाद कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाता, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
लोगों का कहना है कि एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन स्थिति में खास सुधार नहीं दिखा।
पहले भी विवादों में रह चुकी है एजेंसी
जानकारी के मुताबिक यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 16 अप्रैल को एजेंसी के बाहर करीब 100 एलपीजी गैस कनेक्शन की किताबें फेंकी हुई मिली थीं, जिसके बाद भी एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे और उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई थी।
इस पूरे मामले में एजेंसी संचालिका वैष्णवी भारद्वाज से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष सामने नहीं आ सका क्योंकि फोन रिसीव नहीं हुआ?
पुलिस ने क्या कहा?
खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। दोनों की बात सुनने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
❓अब सवाल यह उठ रहे हैं—
🔹 क्या उपभोक्ताओं की शिकायतों की जांच होगी?
🔹 सिलेंडर वितरण और डीएसी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप कितने सही हैं?
🔹 पहले सामने आए विवादों के बाद भी स्थिति क्यों नहीं सुधरी?
🔹 क्या प्रशासन एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कराएगा?
📌 फिलहाल मामला चर्चा में है और सभी की नजर अब पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।