पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ की जन चौपाल में उमड़ी जनता:नशा, जुआ, चोरी और मारपीट की शिकायतों से गूंजा शिकारी चौक, लोगों ने खुलकर रखी समस्याएं

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में फिजिकल थाना पुलिस द्वारा शनिवार रात शिकारी चौक क्षेत्र में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ और एसआई रामेंद्र सिंह चौहान ने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

जन चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इलाके में बढ़ रही अवैध गतिविधियों को लेकर नाराजगी जाहिर की। एक बुजुर्ग महिला ने शिकायत करते हुए बताया कि रात 11 बजे से लेकर देर रात 2 बजे तक कुछ युवक क्षेत्र में जमा रहते हैं। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि यहां खुलेआम स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों का सेवन किया जाता है और जुआ भी खेला जाता है।

लोगों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में पहले चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे रहवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। नागरिकों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

चौपाल के दौरान एक नवविवाहिता भी पुलिस के सामने पहुंची और अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने महिला की शिकायत गंभीरता से सुनते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

चौपाल में केवल अपराध से जुड़े मुद्दे ही नहीं उठे, बल्कि अतिक्रमण, गंदगी, पानी की समस्या और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर भी लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों तक शिकायतें पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार क्षेत्र में सक्रिय है। अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)