सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र की निर्माणाधीन सनघटा डैम परियोजना में लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री मिलने के बाद कलेक्टर अर्पित वर्मा एक्शन मोड में नजर आए। शनिवार को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान जैसे ही निर्माण कार्यों में गड़बड़ी सामने आई, कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दे दिए। इसके बाद खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालाजी क्रेशर को सील कर दिया।
बताया जा रहा है कि कलेक्टर अर्पित वर्मा अचानक सनघटा डैम, निर्माणाधीन पंप स्टेशन और डिस्ट्रीब्यूशन लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए। घटिया गिट्टी और निर्माण कार्यों की स्थिति देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की और साफ शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर के तेवर देखते ही मौके पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदारों में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक सख्ती के बाद खनिज विभाग तुरंत हरकत में आया और खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
टीम ने कार्रवाई करते हुए गिट्टी निर्माण के लिए लगाए गए बालाजी क्रेशर प्लांट को सील कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब कलेक्टर के अगले आदेश तक क्रेशर बंद रहेगा। इस कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी है।
कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग ने मौके से करीब 4 हजार घनमीटर गिट्टी जब्त की। इसके साथ ही एक पोकलेन मशीन और एक हाइड्रा मशीन भी प्रशासन ने जब्त कर ली। इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों में खलबली मच गई है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने दो टूक कहा कि जनता के पैसे से बनने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की जाए और जहां भी गड़बड़ी मिले, तुरंत कार्रवाई हो।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद अब जिले की अन्य निर्माण परियोजनाओं पर भी नजरें टिक गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई और जगहों पर निरीक्षण और कार्रवाई हो सकती है। कलेक्टर की इस कार्रवाई को लेकर लोगों में चर्चा है कि अब लापरवाही करने वालों की खैर नहीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर इतनी सख्त कार्रवाई की है। लोगों ने कलेक्टर अर्पित वर्मा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि अगर इसी तरह निगरानी होती रही, तो विकास कार्यों की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
सनघटा डैम परियोजना जिले के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है और ऐसे में निर्माण कार्यों में गड़बड़ी सामने आने के बाद प्रशासन अब पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर के इस “सख्त एक्शन” ने साफ संदेश दे दिया है कि शिवपुरी में अब घटिया काम और लापरवाही पर सीधा प्रहार होगा।