स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: कलेक्टर अर्पित वर्मा:हाई रिस्क प्रेगनेंसी की विशेष मॉनिटरिंग, टीकाकरण और बच्चों के स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस

Nikk Pandit
0

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, टीकाकरण अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

गांव-गांव लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि केवल कागजी कार्यवाही से काम नहीं चलेगा। गांवों और ब्लॉकों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। इन शिविरों के माध्यम से बीमार, कमजोर और कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि गंभीर बीमारियों को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।

टीकाकरण अभियान को मिलेगी रफ्तार

बैठक में टीकाकरण महाअभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पेंटावेलेंट वैक्सीन की पहली खुराक का कवरेज बढ़ाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही किशोरी बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान को भी तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया।

गर्भवती महिलाओं की पहली तिमाही में हो रजिस्ट्रेशन
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं का पहली तिमाही में ही शत-प्रतिशत एएनसी रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक मामले की गंभीरता से समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएं।

हाई रिस्क प्रेगनेंसी पर विशेष निगरानी

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की विशेष पहचान और निगरानी के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि गंभीर एनीमिया, पीआईएच, जीडीएम, हेपेटाइटिस और एचआईवी जैसी समस्याओं से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान कर उनका बेहतर मेडिकल मैनेजमेंट सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्रसव के दौरान होने वाले जोखिम को कम किया जा सके।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का हो त्वरित निराकरण
बैठक में कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजरों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से संबंधित लंबित कार्यों और आंकड़ों को शीघ्र पूरा किया जाए तथा सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
बैठक के अंत में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)