सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र में बन रही सनघटा सिंचाई परियोजना अब तेजी से आकार लेती नजर आ रही है। शुक्रवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा अचानक निर्माणाधीन सनघटा डैम का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को बारीकी से परखा और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह डैम क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए भविष्य की बड़ी सौगात साबित होगा। डैम बनने से जहां पानी की समस्या में राहत मिलेगी, वहीं सिंचाई क्षमता बढ़ने से कृषि उत्पादन में भी बड़ा इजाफा होगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनकी राय जानी। कई ग्रामीणों ने डूब क्षेत्र में आने वाली जमीनों और मुआवजे को लेकर अपनी बात रखी। इस पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित ग्रामीणों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य तय समय सीमा में पूरा हो और निर्माण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक डैम नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों के बेहतर भविष्य की नींव है।
अब क्षेत्र के लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना कब तक पूरी होगी और किसानों को इसका वास्तविक लाभ कब मिलना शुरू होगा। लेकिन कलेक्टर अर्पित वर्मा के सख्त निरीक्षण ने यह जरूर साफ कर दिया है कि प्रशासन इस परियोजना को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रहा है।