बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंध नदी के रिजौदी घाट पर दबिश देकर 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 हाइड्रा (पेलोडर) मशीनें जब्त की हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलारस अनुविभाग अंतर्गत स्थित सिंध नदी के रिजौदी घाट पर लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया और देर रात संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोलारस, खनिज विभाग एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम शामिल रही। छापेमारी के दौरान नदी से अवैध रूप से रेत निकालने और उसका परिवहन करने में उपयोग किए जा रहे 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं 3 हाइड्रा मशीनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों और मशीनों को फिलहाल बदरवास थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग करेगा आकलन
खनिज विभाग द्वारा राजस्व अमले के सहयोग से मौके पर उत्खनित खनिज की मात्रा का आकलन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन करने वालों को चेतावनी
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन के अब तक के बड़े अभियानों में से एक मानी जा रही है, जिससे अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।