स्कूल चले हम अभियान: सीईओ आफीसर सिंह गुर्जर ने बच्चों संग किया भोजन, बांटी पुस्तकें और परखी पढ़ाई

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में संचालित स्कूल चले हम अभियान के तहत जनपद पंचायत पोहरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आफीसर सिंह गुर्जर ने शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय पोहरी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं, कक्षाओं में पहुंचकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया तथा मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान माध्यमिक विद्यालय में 38 तथा प्राथमिक विद्यालय में 30 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज मिली। सीईओ श्री गुर्जर ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने कहा कि "बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।" इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीईओ श्री गुर्जर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने और अपने भविष्य के प्रति गंभीर रहने की सीख दी। उन्होंने बच्चों को पुस्तकें वितरित कर अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया।

निरीक्षण का सबसे प्रेरणादायक पहलू तब देखने को मिला जब सीईओ स्वयं बच्चों के बीच बैठकर मध्यान्ह भोजन करने पहुंचे। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)