स्कूल चलें हम अभियान: एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने किया विद्यालय निरीक्षण, शिक्षा और सुविधाओं की परखी हकीकत

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में संचालित स्कूल चलें हम अभियान के तहत एसडीएम पोहरी श्री जे.पी. गुप्ता ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय बूड़दा का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार किए गए इस निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया तथा बच्चों से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली गई।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यार्थियों की उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन करते हुए विद्यालय प्रबंधन को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की नियमित शिक्षा और शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। साथ ही विद्यालय में उपलब्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष फोकस

एसडीएम श्री गुप्ता ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना का निरीक्षण कर मां अन्नपूर्णा स्व-सहायता समूह को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सामग्री के नमूने सुरक्षित रखने और भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

आदिवासी बाहुल्य ग्राम अहेरा का भी किया दौरा

विद्यालय निरीक्षण के बाद एसडीएम पोहरी श्री जे.पी. गुप्ता, एसडीओपी श्री आनंद राय एवं जनपद पंचायत सीईओ श्री ऑफिसर सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारियों के साथ जनजातीय बाहुल्य ग्राम अहेरा पहुंचे। यहां विद्यालय का निरीक्षण कर शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

ग्राम भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा पेयजल संकट की शिकायत किए जाने पर एसडीएम ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर उपस्थित रहकर समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षकगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)