बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस एवं खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंध नदी के रिजौदी घाट पर दबिश देकर 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 हाइड्रा मशीनों को जब्त किया है। कार्रवाई देर रात पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बदरवास, रन्नौद, इंदार, चौकी लुकवासा पुलिस तथा खनिज विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम ने सिंध नदी के रिजौदी घाट क्षेत्र में रात के समय दबिश दी, जहां अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 हाइड्रा मशीनें जब्त की गईं। सभी वाहनों को कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा, थाना प्रभारी बदरवास निरीक्षक नवीन यादव, खनिज निरीक्षक ऋषभ दीक्षित, थाना प्रभारी इंदार विवेक यादव, चौकी प्रभारी लुकवासा बैजनाथ मिश्रा सहित पुलिस एवं खनिज विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।