बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रन्नौद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 5 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी अमर सिंह आदिवासी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में रन्नौद थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वर्ष 2021 के प्रकरण क्रमांक 323/21 में वांछित और पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहा स्थायी वारंटी अमर सिंह आदिवासी (46 वर्ष), निवासी ग्राम टोकनी अपने गांव में मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार वारंटी को माननीय न्यायालय जेएमएफसी कोलारस के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद उसे सब जेल कोलारस दाखिल कराया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रन्नौद उप निरीक्षक राजीव कुमार दुबे, सहायक उप निरीक्षक जयनारायण, प्रधान आरक्षक जगेश सिकरवार, आरक्षक महेश सिंह एवं दीपक तोमर की सराहनीय भूमिका रही।