बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर श्रीमंत माधव राव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित 10 दिवसीय महिला हॉकी प्रशिक्षण शिविर में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया पहुंचीं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बिहार एवं शिवपुरी जिले की महिला हॉकी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान एसपी भूटिया ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैदान में उतरने तथा निरंतर मेहनत कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
खेल परिसर में चल रहे इस प्रशिक्षण शिविर में बिहार एवं शिवपुरी की महिला हॉकी टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एसपी ने खिलाड़ियों की तैयारियों और प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया तथा उनके उत्साह की सराहना की।
खिलाड़ियों ने भी पुलिस अधीक्षक के साथ अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में एसपी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के माध्यम से युवा अपने सपनों को नई उड़ान दे सकते हैं।