कल मनाया जाएगा 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: पोलो ग्राउंड में होगा जिला स्तरीय आयोजन, सुबह 6 बजे पहुंचे नागरिक

Nikk Pandit
0

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में 21 जून को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिये योग" (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की गई है। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम तात्या टोपे खेल परिसर (पोलो ग्राउंड) शिवपुरी में आयोजित होगा।

योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, योग संस्थाओं के सदस्य, एनसीसी, एनएसएस, पुलिस बल तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मुख्य समारोह का कोलकाता से सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसे उपस्थित लोग देख सकेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन स्थल पर स्वच्छता, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, योग प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लें। कार्यक्रम प्रातः 6 बजे से प्रारंभ होगा।

विशेषज्ञों के अनुसार योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। यही कारण है कि योग आज पूरी दुनिया में स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

जनहित में अपील

21 जून, प्रातः 6 बजे, तात्या टोपे खेल परिसर (पोलो ग्राउंड) शिवपुरी पहुंचें और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सामूहिक आयोजन में भाग लेकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)