पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी: शिवपुरी के 2.96 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 59.26 करोड़ रुपए

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के ताराकेश्वर से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी की। सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के खातों में राशि अंतरित की गई। इस अवसर पर शिवपुरी जिले में भी पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया गया और किसानों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शिवपुरी जिले के 2 लाख 96 हजार 280 किसानों के बैंक खातों में 59 करोड़ 26 लाख रुपए की राशि अंतरित की गई है। इस राशि से जिले के लाखों किसानों को कृषि कार्यों में आर्थिक सहायता मिलेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 13 मार्च 2026 को जारी 22वीं किस्त के तहत जिले के 2 लाख 95 हजार 792 किसानों को 59 करोड़ 16 लाख रुपए की सम्मान निधि प्रदान की गई थी। इस बार लाभार्थियों की संख्या और कुल राशि दोनों में वृद्धि दर्ज की गई है।

23वीं किस्त के अंतर्गत सबसे अधिक लाभ पिछोर तहसील के किसानों को मिला है, जहां 50 हजार 297 किसान योजना से लाभान्वित हुए। वहीं करैरा में 39,524, खनियाधाना में 36,178, शिवपुरी में 33,444, नरवर में 29,566, कोलारस में 28,299, पोहरी में 25,548, बैराड़ में 20,143, रन्नौद में 17,021 तथा बदरवास में 16,260 किसानों के खातों में राशि पहुंची है।

जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। अधिकारियों ने किसानों को योजना की जानकारी देते हुए सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया।

किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता खेती-किसानी के खर्चों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करती है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)