12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत: चार युवकों पर FIR, मोबाइल छीनने और प्रताड़ना के आरोप; मां ने जताई हत्या की आशंका

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में 12वीं की छात्रा शिल्पी लोधी (17) की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार को चार युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मां का आरोप है

कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना वाले दिन भी आरोपियों ने लाइब्रेरी में उसके साथ अभद्रता की, मोबाइल छीन लिया और धमकाया। परिजनों ने हत्या की आशंका भी जताई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पनिहारी निवासी शिल्पी लोधी पिछोर में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। वह तहसील मोहल्ला स्थित एक किराए के कमरे में रहती थी। बुधवार रात उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

घटना से पहले मां को किया था फोन

मृतका की मां अंगूरी बाई लोधी ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले शिल्पी ने उन्हें फोन कर बताया था कि रामवीर लोधी (पनिहारी), सत्यम लोधी (ममरौनी), राहुल लोधी (लभेड़ा) और सतीश लोधी (दबियाजगन) लाइब्रेरी पहुंचे थे।

शिकायत के मुताबिक, चारों युवकों ने शिल्पी को धमकाया, उसका मोबाइल छीन लिया, सिम कार्ड तोड़ दिया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शिल्पी ने अपनी मां से यह भी कहा था कि ये युवक पहले भी उसे लगातार परेशान करते रहे हैं।

अपाचे बाइक पर जाते हुए देखने का दावा

अंगूरी बाई ने पुलिस को बताया कि शाम के समय एक परिचित ने शिल्पी को दो अन्य लोगों के साथ अपाचे बाइक पर जाते हुए देखा था। मां का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। साथ ही उन्होंने यह आशंका भी जताई कि कहीं आरोपियों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर तो नहीं लटका दिया।

चार युवकों पर मामला दर्ज

मां की शिकायत के आधार पर पिछोर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 107 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

हर पहलू से होगी जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, प्रताड़ना और हत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)