7 माह की गर्भवती महिला की मौत पर बवाल, पिछोर थाने के बाहर शव रखकर चक्काजाम

Nikk Pandit
0
परिजनों का आरोप- पेट में लात मारने से हुई मां और अजन्मे बच्चे की मौत, दहेज प्रताड़ना का भी लगाया आरोप

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम कालीपहाड़ी कईपई में 25 वर्षीय सिवनी जाटव की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के मायके पक्ष का दावा है कि सात माह की गर्भवती सिवनी के पेट में बार-बार लात मारी गई, जिससे उसकी और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। गुरुवार शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को पिछोर थाने के सामने रखकर करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम किया।

परिजनों के अनुसार, सिवनी का विवाह करीब तीन वर्ष पहले कालीपहाड़ी कईपई निवासी दीपक जाटव से हुआ था। शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। सिवनी की दो वर्ष की एक बेटी है और वह सात माह की गर्भवती थी।

मायके पक्ष का आरोप है कि 22 जून को ससुराल में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान विवाद हुआ, जिसमें सिवनी और उसके मायके पक्ष के लोगों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान सिवनी के पेट में कई बार लात मारी गई, जिससे उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।

परिजनों का कहना है कि 24 जून को उन्हें जिला अस्पताल शिवपुरी से सिवनी की मौत की सूचना मिली। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद जब तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो वे शव लेकर पिछोर थाने पहुंचे और थाने के सामने चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करने की मांग की।

करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस
अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता का निर्धारण जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)