बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत खनियाधाना में 12 से 14 जून तक आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 12 हजार 599 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ एवं समस्याओं से राहत प्रदान की गई।
विधायक ने किया शुभारंभ, योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर
शिविर के पहले दिन क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश
शिविर के दूसरे दिन जनपद पंचायत एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, योग और जल गंगा संवर्धन जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया।
महिलाओं ने कुकिंग प्रतियोगिता में दिखाया हुनर
शिविर के अंतिम दिन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं ने पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपने हुनर का प्रदर्शन किया। एसडीएम ममता शाक्य एवं सीईओ मोगराज मीणा ने प्रतियोगिता का अवलोकन कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
बड़ी संख्या में ग्रामीणजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ब्लॉक स्रोत समन्वयक संजय भदौरिया, महिला एवं बाल विकास अधिकारी प्रियंका बुनकर, संवाद मित्र राजेश देव पांडे, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
तीन दिन तक चला जनसेवा का अभियान, हजारों लोगों को मिली राहत और योजनाओं की जानकारी।