बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद शिवपुरी जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर मंगलवार को शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर 12 कोचिंग संस्थानों को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया।
तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कई संस्थानों में फायर सेफ्टी के आवश्यक उपकरण, आपातकालीन निकास व्यवस्था और फायर एनओसी (No Objection Certificate) नहीं मिली। प्रशासन ने इसे छात्रों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
इन संस्थानों पर हुई कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान भारत आईएएस, इंसपायर एकेडमी, पाठशाला लाइब्रेरी, शिवानी कॉमर्स इंस्टीट्यूट, कांसेप्ट बिल्डर्स क्लास, ब्लूमिंग बड्स, इंडक्टेंस कोड केयर, शिवपुरी एकेडमी क्लासेस सहित कुल 12 संस्थानों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया।
छात्रों की सुरक्षा से समझौता नहीं
प्रशासन का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन करते हैं। ऐसे में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का अभाव किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इसी को देखते हुए लखनऊ अग्निकांड के बाद विशेष जांच अभियान चलाया गया।
फायर एनओसी मिलने के बाद ही खुलेंगे संस्थान
तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि फिलहाल सभी संस्थानों को अस्थायी रूप से सील किया गया है। संबंधित संचालकों को फायर सेफ्टी के सभी मानकों का पालन करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी। फायर विभाग से एनओसी प्राप्त करने के बाद नियमानुसार संस्थानों को दोबारा संचालित करने की अनुमति दी जाएगी।
अन्य संस्थानों की भी होगी जांच
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और शैक्षणिक संस्थानों की भी जांच की जाएगी। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।