बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इस दौरान एक ग्रामीण तीन वर्षों से शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए शिकायत पत्रों की माला पहनकर जनसुनवाई में पहुंचा। वहीं भयावन गांव के लोधी परिवार ने डॉ. प्रभान लोधी हत्याकांड के बाद कुख्यात चंदा गड़रिया डकैत के भाई पर गांव में दहशत फैलाने के आरोप लगाए।
शिकायतों की माला पहनकर पहुंचा ग्रामीण
खनियाधाना जनपद की ग्राम पंचायत पीपलखेड़ा निवासी दिमाक सिंह लोधी अपनी पुरानी शिकायतों की प्रतियों की माला बनाकर जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में खेत तालाब, फलोद्यान, सीसी रोड और पंच परमेश्वर योजना के कई कार्य केवल कागजों में पूर्ण दिखाकर राशि निकाल ली गई, जबकि मौके पर कार्य नहीं हुए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में भी सरपंच पर अपने रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
डकैत के भाई पर दहशत फैलाने का आरोप
भयावन गांव के लोधी परिवार ने जनसुनवाई में सुरक्षा की मांग उठाई। कृपा राम लोधी ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि कुख्यात चंदा गड़रिया डकैत का भाई नीरज पाल अपने हथियारबंद साथियों के साथ गांव में सक्रिय है और ग्रामीणों को धमका रहा है।
आवेदन में गांव में गोलीबारी और भय का माहौल बने होने का भी उल्लेख किया गया है। परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की।
80 वर्षीय बुजुर्ग ने जमीन बचाने की लगाई गुहार
रेलवे से सेवानिवृत्त 80 वर्षीय भैरोलाल ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेच दी गई है। उन्होंने राजस्व अभिलेखों की जांच कराकर जमीन वापस दिलाने की मांग की।
राशन दुकान के सेल्समैन पर लगे गंभीर आरोप
बदरवास क्षेत्र के ग्राम मांगरौल के ग्रामीणों ने उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन पर राशन वितरण में अनियमितता के आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि दो माह का राशन एक माह बताकर दिया जाता है, पहले अंगूठा लगवाया जाता है और राशन की कालाबाजारी की जाती है। ग्रामीणों ने सेल्समैन को हटाने की मांग की।
दिव्यांगों के रोजगार की उठी मांग
दिव्यांग कल्याण एवं विकास परिषद के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बस स्टैंड, अस्पताल, शासकीय कार्यालयों और प्रमुख चौराहों पर दिव्यांगजनों को गुमठी और दुकानें आवंटित करने की मांग की। साथ ही दिव्यांग पेंशनधारियों की घर-घर जाकर केवाईसी कराने की व्यवस्था करने का अनुरोध भी किया।
अतिक्रमण हटाने और न्यूक्लियर प्लांट सर्वे रोकने की मांग
पोहरी तहसील के ग्राम नगरा के ग्रामीणों ने शासकीय मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि सीमांकन के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
वहीं नरवर क्षेत्र के गोपलिया, भीमपुर और टुकी गांव के ग्रामीणों ने प्रस्तावित 2800 मेगावाट न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए किए जा रहे सर्वे का विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना से किसानों की जमीन प्रभावित होगी और हजारों लोगों के विस्थापन का खतरा पैदा हो जाएगा।
जनसुनवाई में गूंजे कई अहम मुद्दे
मंगलवार की जनसुनवाई में पंचायत अनियमितताओं, सुरक्षा, जमीन विवाद, राशन वितरण, दिव्यांग रोजगार, अतिक्रमण और न्यूक्लियर पावर प्लांट जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।