बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में मंगलवार को प्रशासन ने एबी रोड स्थित गुरुद्वारे के पास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए सड़क किनारे बनी करीब 12 फल एवं सब्जी दुकानों के आगे लगे टीन शेड हटवा दिए। जेसीबी मशीन की मदद से की गई इस कार्रवाई के दौरान नगर परिषद और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा।
प्रशासन के अनुसार दुकानदारों द्वारा निर्धारित सीमा से बाहर टीन शेड लगाकर सड़क किनारे अतिक्रमण किया गया था, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ सड़क सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ रहा था। अभियान के दौरान नगर परिषद कोलारस के सीएमओ रमेश चंद्र भार्गव सहित राजस्व एवं नगर परिषद का अमला मौजूद रहा।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व इसी स्थान पर एक अनियंत्रित बस दुकानों में घुस गई थी, जिससे कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई थीं और कुछ लोग घायल भी हुए थे। घटना के बाद सड़क किनारे अतिक्रमण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो खतरे की स्थिति पहले ही कम हो सकती थी।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।